
,
उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई को लेकर सोमवार सुबह विरोध के दौरान पथराव हुआ, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
MP | Ujjain Shahi Masjid proposed demolition: Locals clash with cops; stones pelted, tear gas fired, India
सुर्खी…
- शाही मस्जिद हटाने के विरोध में उज्जैन में पथराव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले।
- शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात, महिला TI पुष्पा पांचाल घायल।
- सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण के तहत मस्जिद का हिस्सा हटाने की कार्रवाई।
- मामला हाईकोर्ट में लंबित, सोमवार को युगलपीठ में सुनवाई प्रस्तावित।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आई शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा हटाने की कार्रवाई नगर निगम की टीम ने सोमवार सुबह शुरू की। कार्रवाई का स्थानीय मुस्लिम समाज पिछले दो दिनों से विरोध कर रहा था। सोमवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई से पहले ही मौके पर भीड़ जुट गई। इस दौरान पुलिस से टकराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर किया।
रविवार रात भी जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और देर रात तक विरोध जारी रहा। सोमवार सुबह एक बार फिर भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी और समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
2000 पुलिसकर्मी तैनात, महिला TI घायल
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उज्जैन शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें RAF और STF के जवान भी शामिल हैं। पथराव के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए भीड़ को मौके से हटाया। लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के दौरान महिला टीआई पुष्पा पांचाल के हाथ में चोट लगी है।
प्रशासन की ओर से शहर के काजी खलीकुर्रहमान के साथ भी बातचीत की गई है। वहीं, लगातार विरोध को देखते हुए प्रशासन की तरफ से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रखा गया है।
सड़क चौड़ीकरण को लेकर हाईकोर्ट में मामला
दरअसल, उज्जैन में सिंहस्थ-2028 को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद चल रही है। इसी क्रम में गोपाल मंदिर रोड के प्रस्तावित चौड़ीकरण में शाही मस्जिद का हिस्सा प्रभावित होने का मामला सामने आया है। मस्जिद को हटाए जाने की आशंका के चलते मुस्लिम समाज ने विरोध दर्ज कराया है।
इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में भी याचिका दायर की गई है। एकलपीठ ने याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद युगलपीठ में अपील की गई है। शुक्रवार को इस मामले में सुनवाई नहीं हो सकी थी और अब सोमवार को सुनवाई प्रस्तावित है। शाही मस्जिद के इमाम मोहम्मद इब्राहिम ने धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताते हुए प्रशासन से इसे बचाने की अपील की है।
सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई और हाईकोर्ट में लंबित मामले के बीच सोमवार सुबह उज्जैन में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत भी की जा रही है।



