जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से लापता दोनों SPO के गोलियों से छलनी शव बरामद, हथियार गायब, मचा हड़कंप

MediaIndiaLive

Bullet-riddled bodies of two missing SPOs recovered in J-K’s Kishtwar, India

Bullet-riddled bodies of two missing SPOs recovered in J-K's Kishtwar, India
Bullet-riddled bodies of two missing SPOs recovered in J-K’s Kishtwar, India

मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे।

Bullet-riddled bodies of two missing SPOs recovered in J-K’s Kishtwar, India

जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के इलाके दच्चन से लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बृहस्पतिवार तड़के बरामद कर लिए गए हैं। उनके शरीर पर गोलियों के निशान थे। इससे घटना में आतंकियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी किसी आतंकी हमले की पुष्टि नहीं की है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियार नहीं मिले हैं, जिससे घटना में संभावित आतंकी संलिप्तता का संदेह गहरा गया है।

मृतकों की पहचान बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। ये दोनों दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे। दोनों बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की एक चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे। उनके लापता होने के बाद से ही पुलिस और सेना ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया था।

शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे ‘स्विच ऑफ’ हो गए। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और बड़े पैमाने पर एक तलाश अभियान शुरू किया गया।

सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त जवानों को मौके पर भेजा और ड्रोन तथा खोजी कुत्तों से लैस विशेष टीम को तैनात करते हुए दच्चन के ऊपरी जंगली इलाकों में तलाश अभियान तेज कर दिया। कियार के आसपास के बड़े हिस्से और धारणा-मारवाह की ओर जाने वाले रास्ते को भी अभियान के दायरे में लिया गया जहां ड्रोन के जरिए दुर्गम जंगली इलाकों की निगरानी की गई, वहीं खोजी कुत्तों ने संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाने में जमीनी टीम की मदद की।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमलावरों की पहचान करने और उन्हें मार गिराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।’’

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित किश्तवाड़ आतंकवाद-रोधी अभियानों का केंद्र रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं। सुरक्षा बल जिले के दूरदराज और जंगली इलाकों में बचे आतंकवादियों के सफाए के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 2026 में आतंकी घटनाओं में चार आतंकियों और सेना के एक जवान सहित पांच लोगों की मौत हुई है। 2025 में यह आंकड़ा चार था, जिसमें तीन आतंकी और सेना का एक जवान शामिल था। वहीं, 2024 में तीन सुरक्षाकर्मियों और दो नागरिकों ने अपनी जान गंवाई थी।

यह ताजा घटना ऐसे समय हुई है जब जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां आतंकवाद से निपटने और क्षेत्र में स्थायी शांति सुनिश्चित करने के लिए जनता से लगातार अधिक सहयोग की अपील कर रही हैं।

किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने चार अक्टूबर को मारवाह, वारवन और दच्चन के दूरदराज के इलाकों के निवासियों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने और संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों के बारे में सुरक्षा बलों को समय पर सूचना देने का आग्रह किया था।

शर्मा ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए शांति और सुरक्षा को आवश्यक बताते हुए कहा था, ‘‘मारवाह, वारवन और दच्चन क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन सक्रिय आतंकवादियों की मौजूदगी इस क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही को सीमित करने वाले प्रमुख कारणों में से एक है।’’

Follow Us on… Dailyhunt kootwitter fb GOOGLE NEWS+

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

error: Content is protected !!