
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में ही लगभग 70,000 आवेदन लंबित
70000 LPG Connection Applications Stuck In Madhya Pradesh’s Bhopal, Indore, Gwalior and Jabalpur
देशभर में नए घरेलू गैस कनेक्शन का संकट लगातार गहराता जा रहा है, जिससे आवेदन करने वाले लाखों आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्च 2026 से तीनों सरकारी तेल कंपनियों (इंडेन, एचपी और भारत गैस) ने 14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू सिलिंडर के नए कनेक्शन जारी करने पर अस्थायी रोक लगा रखी है, जो पिछले 8 से 9 महीनों से अब तक जारी है।
सॉफ्टवेयर से हटा 14.2 किलो सिलिंडर का विकल्प
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अकेले भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में ही लगभग 70,000 आवेदन लंबित पड़े हैं। जानकारी के अनुसार, इंडेन (Indane), भारत गैस (Bharat Gas) और एचपी गैस (HP Gas) ने 14.2 किलोग्राम वाले नए घरेलू और सब्सिडी वाले गैस कनेक्शन देना बंद कर दिया है।
तीनों गैस कंपनियों के बुकिंग सॉफ्टवेयर से भी 14.2 किलोग्राम वाले नए सिलिंडर का विकल्प हटा दिया गया है।
अब नए कनेक्शन के लिए ग्राहकों के पास केवल 5 किलोग्राम और 10 किलोग्राम वाले छोटे सिलिंडर का ही विकल्प उपलब्ध है।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण गैस सप्लाई पर पड़े दबाव और पीएनजी (पाइप वाली गैस) कनेक्शन को बढ़ावा देने के चलते यह बड़ा कदम उठाया गया है।
महंगे रेट पर सिलिंडर लेने को मजबूर आम जनता
14.2 किलो वाले सामान्य घरेलू सिलिंडर के नए कनेक्शन ठप होने से लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। खासकर जो परिवार नए घरों में शिफ्ट हुए हैं या नया घर बसा रहे हैं, उनके लिए दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं।
खबरों के मुताबिक, छोटे सिलिंडर और कमर्शियल गैस की कीमत सामान्य घरेलू सिलिंडर के मुकाबले दोगुनी से भी अधिक है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 10 किलो का नया गैस सिलिंडर अब करीब 1,600 रुपये में मिल रहा है, जिससे लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर गैस खरीदनी पड़ रही है।
कब मिलेगी आम लोगों को राहत?
देशभर की गैस एजेंसियों के पास करीब 8-9 महीनों से लाखों नए आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। हालांकि, इस अस्थायी रोक को कब हटाया जाएगा, इसे लेकर पेट्रोलियम मंत्रालय या सरकारी तेल कंपनियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक समय-सीमा तय नहीं की गई है। माना जा रहा है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैस सप्लाई सामान्य नहीं होती, तब तक आम उपभोक्ताओं को इसी तरह इंतजार करना पड़ सकता है।
देश के प्रमुख शहरों में आज गैस सिलिंडर की कीमत
दिल्ली: घरेलू सिलिंडर की कीमत 942.00 रुपये है, जबकि कमर्शियल सिलिंडर 2,820.00 रुपये में मिल रहा है।
मुंबई: यहां घरेलू गैस सिलिंडर का रेट 941.50 रुपये और कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमत 2,775.00 रुपये है।
कोलकाता: यहां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलिंडर की कीमतें क्रमशः 968.00 रुपये और 2,971.00 रुपये हैं।
चेन्नई: यहां घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 957.50 रुपये और कमर्शियल गैस सिलिंडर का रेट 2,994.50 रुपये है।
Follow Us on… 𝕏

+

