
एक जन्म से नेत्रहीन और दूसरा चलने-फिरने में असमर्थ. पुलिस ने दोनों को हत्या का आरोपी बनाकर जेल भेज दिया. आखिरकार अदालत में अभियोजन पक्ष आरोप साबित नहीं कर सका
Kota Court Acquits Blind, Physically Disabled Men In Killing Of Beggar Case, India
राजस्थान: कहावत है अंधेर नगरी, चौपट राजा, कुछ ऐसा ही मामला राजस्थान के कोटा में सामने आया है. हत्या की गुत्थी सुलझाने की जल्दबाजी में पुलिस की जांच ने दो दिव्यांगों की जिंदगी मुश्किल में डाल दी.
एक जन्म से नेत्रहीन और दूसरा चलने-फिरने में असमर्थ. पुलिस ने दोनों को हत्या का आरोपी बनाकर जेल भेज दिया. आखिरकार अदालत में अभियोजन पक्ष आरोप साबित नहीं कर सका और दोनों को बरी कर दिया गया. एक ने नौ महीने तो दूसरे ने 27 महीने जेल में बिताए. अब सवाल है कि इनकी जिंदगी के बर्बाद हुए महीनों और परिवार की पीड़ा की भरपाई कौन करेगा?
मामला खड़े गणेशजी मंदिर परिसर का है. 28 दिसंबर 2023 को मंदिर के बाहर भीख मांगने वाले दिव्यांग कल्ला जोगी उर्फ कल्लू का शव लहूलुहान हालत में मिला था. पुलिस ने हत्या के आरोप में जन्म से नेत्रहीन बंशीलाल और चलने में असमर्थ बृजमोहन को गिरफ्तार कर चार्जशीट पेश की थी.
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
मुकदमे की सुनवाई के दौरान पुलिस की जांच पर कई गंभीर सवाल खड़े हुए. अदालत ने पूछा कि जो व्यक्ति चलने में असमर्थ है, वह लाठी से हमला कैसे कर सकता है? वहीं जन्म से नेत्रहीन व्यक्ति से घटनास्थल की तस्दीक कराने की प्रक्रिया भी संदेह के घेरे में रही. पुलिस ने बैग और लाठी की बरामदगी का दावा किया, लेकिन जब्ती की वीडियोग्राफी नहीं कराई गई. मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद जांच अधिकारी फुटेज भी अदालत में पेश नहीं कर सके.
पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शी बनाए गए भिखारी ने भी अदालत में हत्या होते देखने से इनकार कर दिया. उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव बनाया और मारपीट कर बयान दिलवाए. बंशी नाम के एक अन्य गवाह ने भी कहा कि पुलिस ने उसे आरोपियों के नाम बताए थे.
पुलिस की पिटाई से कबूल किया जुर्म
बंशीलाल ने बताया कि मृतक कल्लू उनके साथ सोया हुआ था. अगले दिन वे भीलवाड़ा चले गए. तीन दिन बाद लौटने पर पुलिस उन्हें थाने ले गई और हत्या का आरोप लगाकर मारपीट की. लाठियां मारी गईं और बाल पकड़कर पीटा गया. डर के कारण उन्होंने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जबकि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं थी. नौ महीने जेल में रहने के दौरान उनकी बूढ़ी मां ने 50 हजार रुपये उधार लेकर उन्हें छुड़ाने की कोशिश की.
रिहाई के बाद लगा कि भगवान है
जिला एवं सत्र न्यायालय ने माना कि अभियोजन पक्ष हत्या का आरोप साबित करने में विफल रहा. दोनों आरोपियों को बरी कर दिया गया. बंशीलाल ने कहा कि जेल में वे अक्सर रोते थे, लेकिन अदालत के फैसले के बाद ऐसा लगा कि भगवान है.
हालांकि, इस फैसले के बाद भी सबसे बड़ा सवाल अनुत्तरित है. कल्लू की हत्या किसने की और क्यों की? दो निर्दोष साबित हुए लोगों को जेल भेजने के बाद असली हत्यारा अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर कैसे है? अदालत ने फिलहाल दोबारा जांच का कोई आदेश नहीं दिया है. हत्या हुई, लेकिन हत्यारा कौन है, यह रहस्य आज भी बरकरार है




