
यह घटना जिले के चकाई थाना क्षेत्र के टोला थम्हन गांव की है। मृतका की पहचान गांव की रहने वाली दया देवी उर्फ कुसुम देवी के रूप में हुई है।
Woman murdered on witchcraft suspicion in Bihar’s Jamui, nine arrested, India
बिहार में अंधविश्वास ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. जिस नौ साल के बच्चे की बीमारी ठीक कराने के लिए परिजन उसे इलाज के लिए पटना तक ले गए, उसकी मौत के बाद गुस्से और अंधविश्वास ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला को ही उसकी मौत का जिम्मेदार ठहरा दिया गया.
महिला पर डायन होने और जादू-टोना करने का आरोप लगाया गया. इसके बाद भीड़ ने कथित तौर पर उसे घर से उठाया, लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. हैरानी और खौफ की बात यह है कि हत्या के बाद महिला के शव को नौ वर्षीय बच्चे के शव के साथ एक ही गड्ढे में दफना दिया गया.
यह दिल दहला देने वाली घटना जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र के थमहन गांव की है. घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. मृत बच्चे की पहचान श्रवण मिस्त्री के पुत्र शिवम कुमार (9) के रूप में हुई है. वहीं, मृत महिला की पहचान जैना मिस्त्री की पत्नी कुसुम देवी उर्फ दया देवी के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार, शिवम लंबे समय से बीमार चल रहा था. परिजनों ने उसकी जान बचाने के लिए पटना तक ले जाकर इलाज कराया था. इसके बाद जमुई में भी उसका उपचार चल रहा था. लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद बच्चे की मौत हो गई. बच्चे की मौत के बाद उसके परिजनों, रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने कुसुम देवी पर डायन होने तथा जादू-टोना करने का आरोप लगाना शुरू कर दिया. आरोप है कि बीमारी और मौत की वजह का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाने के बजाय अंधविश्वास में डूबे लोगों ने महिला को ही बच्चे की मौत का जिम्मेदार मान लिया. इसके बाद गांव में उसके खिलाफ आक्रोश बढ़ता चला गया.
जंगल ले जाकर लाठी-डंडों से पीटा
आरोपों के मुताबिक, देर रात करीब 10 बजे 20 से 25 लोग गाली-गलौज करते हुए कुसुम देवी के घर पहुंचे. इसके बाद महिला को जबरन घर से पकड़कर गांव के समीप नदी किनारे ले जाया गया. वहां उसके साथ बेरहमी की गई. पहले लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की गई और फिर टांगी तथा कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. इस वारदात के बाद आरोपियों ने नदी किनारे गड्ढा खोदा और महिला के शव को मृत बच्चे शिवम के शव के साथ उसी गड्ढे में दफना दिया. एक ही गड्ढे में दो शवों को दफनाने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.
पुलिस ने गड्ढा खोदकर निकाले दोनों शव
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही चरकापत्थर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. काफी खोजबीन के बाद नदी किनारे गड्ढे का पता लगाया गया और वहां से महिला तथा बच्चे के शव बरामद किए गए. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जमुई भेजा गया.
मामले में कुंवर मिस्त्री की पत्नी रंजू देवी के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. आवेदन में गांव के लोगों समेत एक दर्जन नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल टीम पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान आरोपित टिंकू शर्मा की खून लगी शर्ट, घटनास्थल से खून लगी लाठी और शव से ब्लड सैंपल बरामद किए गए हैं. पुलिस इन साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच करा रही है, ताकि वारदात में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके.
9 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिंकू शर्मा, पिनू शर्मा, कामदेव शर्मा, कुंदन मंडल, नीतीश शर्मा, चंदन कुमार, सनातन शर्मा, जयप्रकाश शर्मा और गुड्डू मिस्त्री के रूप में हुई है. इनमें कुछ आरोपी थमहन गांव के हैं, जबकि अन्य सोनो, सिकंदरा और मोहनपुर थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
परिवार में मचा कोहराम
एक ओर नौ साल के मासूम की मौत से परिवार पहले ही टूट चुका था, वहीं दूसरी ओर कुसुम देवी की बेरहमी से हत्या ने एक और परिवार को उजाड़ दिया. महिला की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की पुष्टि करते हुए झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने कहा कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
सवाल यह है कि बीमारी से हुई एक बच्चे की मौत के बाद आखिर किस आधार पर एक महिला को डायन करार देकर उसकी जान ले ली गई? अंधविश्वास के नाम पर हुई यह वारदात समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करती है



