
बुलंदशहर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बच्ची का शव देर रात पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला के कमरे से बरामद हुआ।
UP | Bulandshahr girl, 3 year, found dead in neighbour’s home; cops suspect black magic ritual, India
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक ऐसी चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सभी को हिलाकर रख दिया है। यहां पर नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। सुबह 11 बजे से लापता बच्ची का शव देर रात पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला के कमरे से बरामद हुआ। इस घटना में तंत्र-मंत्र के एंगल से भी जांच की जा रही है। वहीं बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। यह मामला थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंती नगर भूड़ का है। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को तीन साल की बच्ची के लापता होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी।
बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर मिला
बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस के अनुसार बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उसकी तलाश जब की गई तो बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली महिला सोनाली के कमरे से बरामद हुआ। घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर प्रथम दृष्टया तंत्र क्रिया के बाद मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, तंत्र-मंत्र के एंगल और हत्या के पीछे की असली वजह की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया
तीन साल की मासूम बच्ची का शव मिलने की जानकारी जब उसके परिजनों को मिली तो वहां काफी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। इस घटना की सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आरोपित महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही बच्ची की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।
Follow Us on… 𝕏

+

