
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का डर सच साबित हुआ, जब रूस ने एक बार फिर से कीव पर बड़ा हमला कर दिया. मिसाइलों और ड्रोनों से पूरी राजधानी हिल गई और 6 लोगों की मौत भी हो गई. लोग शेल्टर में छिपे रहे, लेकिन तमाम इमारतों को बड़ा नुकसान पहुंचा है और कई इलाकों में तो बिजली भी गुल हो गई.
Kyiv hit by deadly Russian strikes, several dead and dozens wounded
कीव: ईरान युद्ध से उपजे हालात के बीच दुनिया का ध्यान उस जंग से हट गया, जो पिछले साढ़े तीन साल से जारी है. हम बात कर रहे हैं रूस-यूक्रेन युद्ध की. यहां देर रात यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की मिसाइलें और ड्रोन मानो कहर बनकर टूटे. रूस ने बड़े पैमाने पर यूक्रेनियन राजधानी पर हवाई हमला किया. कीव शहर में कई जोरदार विस्फोट हुए और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया.
कई घंटों तक कीव में एयर रेड सायरन बजने के साथ रूसी मिसाइलें शहर की ओर आईं. लोगों को भागकर बंकरों में शरण लेनी पड़ी और उनकी एक और रात रूसी हमलों के डर के साये में गुजरी. इस हमले में देशभर में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 55 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
यूक्रेनी एयर डिफेंस सिस्टम ने इन मिसाइलों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कई विस्फोटों की आवाज पूरे शहर में गूंज उठी. कीव के मेयर विटाली क्लिट्शको ने लोगों को संदेश दिया कि शहर में विस्फोट हो रहे हैं. एयर डिफेंस फोर्स काम कर रही है और आप लोग शेल्टर में रहें. कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन के प्रमुख तिमुर तकाशेंको ने बताया कि दुश्मन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर रहा है.
उन्होंने लोगों से अपील की, कि अलर्ट खत्म होने तक शेल्टर में ही रहें. सबसे ज्यादा नुकसान ड्नीप्रो शहर में हुआ, जहां मिसाइलों और ड्रोन हमलों से कई रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं. स्थानीय गवर्नर के मुताबिक यहां 5 लोगों की मौत और 16 लोग घायल हुए। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में कई इमारतें आंशिक रूप से ढही हुई दिखाई दीं.
हमलों से हुई बड़े पैमाने पर तबाही
खारकीव में भी रूस ने कई ड्रोन और मिसाइलें दागीं. हमलों में बहुमंजिला रिहायशी इमारतें, वाहन और सरकारी भवनों को भी नुकसान पहुंचा. शहर के मेयर इहोर तेरेखोव के मुताबिक कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं. कीव के मेयर विताली क्लिचको ने बताया कि हमलों के बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई. सोलोमियांस्की जिले में 15 और 24 मंजिला रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा और ओबोलोंस्की जिले में एक किंडरगार्टन के पास ड्रोन का मलबा गिरा और बिल्डिंग में आग लग गई. इतना ही नहीं कई पेट्रोल पंपों, व्यावसायिक इमारतों और मेडिकल क्लीनिकों को भी नुकसान पहुंचा है.




