
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइड में खड़ी स्कूल बस में टक्कर मार दी। इस हादस में चार बच्चों की मौत हो गई
Taj Mahal Excursion Turns Fatal | Four children dead, 32 others injured after truck collides with school bus in UP’s Kannauj; India
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर खड़ी हुई स्कूल बस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बस में सवार चार बच्चों की मौत हो गई और 24 छात्रों तथा स्कूल के आठ कर्मचारियों समेत 32 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा थाना ठठिया क्षेत्र में करीब सुबह 6 बजे हुआ, जब कौशांबी स्थित ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस एक्सप्रेसवे पर खड़ी थी। बच्चे शौचालय का इस्तेमाल कर रहे थे, इसलिए बस रुकी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि बस में 50 लोग सवार थे, जिनमें आगरा में ताजमहल देखकर लौट रहे छात्र भी शामिल थे।
उन्होंने कहा कि ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मारी, जिससे उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
एसपी ने कहा, ‘पुलिसकर्मी, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के कर्मचारी और वहां से गुजर रहे अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त बस से बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।’
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रेम कुमार चौरसिया के बेटे आर्यन चौरसिया (14), शमीउल्लाह के बेटे रजीउल्लाह (16), और रियाज़ अहमद के बेटों अरमान (17) व ज़ैद मिर्ज़ा (17) के रूप में हुई है।
कुमार ने बताया कि स्कूल मैनेजर सलमान और एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है तथा उन्हें आगे के इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया है।
बाकी घायल छात्रों और स्टाफ सदस्यों का इलाज मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों की हालत के बारे में जानकारी ली।
पुलिस ने बताया कि हादसे में सुरक्षित बच गए छात्रों को दूसरी बस से उनके घर वापस भेजा जा रहा है।
Follow Us on… 𝕏

+

