
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशीगंज मोहल्ले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप लगा है कि उसने अपनी ही पत्नी की नाक काट दी
UP | Woman claims husband bit off her nose; in-laws allege she bit his private parts
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंशीगंज मोहल्ले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति पर आरोप लगा है कि उसने अपनी ही पत्नी की नाक काट दी, वहीं पत्नी पर आरोप है कि उसने पति के निजी अंग पर हमला करके उसे घायल कर दिया।
घटना के बाद पीड़िता और उसके ससुराल पक्ष ने एक-दूसरे पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला का आरोप: पति ने चाकू से काटी नाक
पीड़िता साधना (27) का आरोप है कि उसके पति दीपक ने उस पर जानलेवा हमला किया। साधना के मुताबिक, “पति ने पहले उसके सिर पर वार किया और फिर चाकू से उसकी नाक काटकर नाली में फेंक दी। वारदात के दौरान उसकी सास और ससुर ने उसके दोनों हाथ पकड़ रखे थे। घटना के बाद लहूलुहान महिला को तत्काल सांडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
किसी और के साथ पत्नी गई था भाग
सांडी थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) पुष्पराज के अनुसार, साधना करीब तीन महीने पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। गुरुवार को उसके वापस लौटने पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस और मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान पति ने गुस्से में आकर पत्नी की नाक दांत से काट ली। पुलिस ने आरोपी पति दीपक (जो पेशे से ड्राइवर है) को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। साधना और दीपक की शादी 10 साल पहले हुई थी और उनकी तीन छोटी बेटियां (8, 6 और 3 वर्ष) हैं।
‘बहु ने पति का निजी अंग काटा, खुद को घायल किया’
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने महिला के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए उस पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। साधना की सास का दावा है, “बहू ढाई महीने पहले मोहल्ले के ही एक युवक के साथ चली गई थी। पुलिस के सामने हुए समझौते के बाद वह उसी युवक के साथ रहने लगी थी। अचानक लौटकर वह बच्चों को साथ ले जाने की जिद करने लगी, जिस पर विवाद हुआ। बहस के दौरान साधना ने अपने पति के निजी अंग को दांत से काट लिया और फिर खुद ही अपना सिर जमीन पर पटककर घायल हो गई।”
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि महिला (साधना) की तरफ से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, जबकि उसकी सास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।



