
जर्मनी के मोर्स शहर के गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस घटना में 11 लोग घायल हो गए। झड़प के दौरान चाकू, कृपाण और पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल मामले की पुलिस जांच जारी है।
Gun, Kirpans, Knife, Pepper Spray: 11 Injured In Violent Clashes Inside Germany Gurdwara
जर्मनी के मोर्स शहर के ड्यूसबर्ग इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़ा इतना बढ़ गया कि इसमें चाकू, कृपाण, पेपर स्प्रे और पिस्टल जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया गया।
धार्मिक कार्यक्रम से पहले भड़की हिंसा
बताया जा रहा है कि करीब 40 लोग इस झगड़े में शामिल थे। गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और देखते ही देखते हाथापाई हिंसक झड़प में बदल गई।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
हथियारों के इस्तेमाल से बढ़ा मामला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया, जिसके बाद एक व्यक्ति ने पिस्टल से फायरिंग की। वहीं कई लोग चाकू और कृपाण जैसे धारदार हथियारों के साथ दिखाई दिए।
हालांकि पुलिस को मौके से कोई असली पिस्टल नहीं मिली है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि यह ब्लैंक-फायरिंग पिस्टल हो सकती है, जो असली गोली नहीं चलाती लेकिन धमाके की आवाज करती है।
कमेटी चुनाव और फंड विवाद बना वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह विवाद गुरुद्वारे की कमेटी के चुनाव और फंड को लेकर था। पुराने और नए प्रबंधन के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था और दोनों गुट नियंत्रण और फैसले लेने के अधिकार को लेकर आमने-सामने थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि हमला पहले से योजनाबद्ध लग रहा था।
पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में किया गया। स्पेशल टैक्टिकल यूनिट भी तैनात की गई। सभी घायलों का मौके पर ही इलाज किया गया है।
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हिंसा की शुरुआत किसने की और किसने किस पर हमला किया।



