
मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में लू की चेतावनी है।
Weather alert: Rains, thunderstorms likely in Himachal, Delhi, UP; heatwave in Rajasthan, Gujarat
मई के महीने में जहां आमतौर पर भीषण गर्मी और लू का असर देखने को मिलता है, वहीं इस बार देश के कई हिस्सों में मौसम ने अलग रुख अपनाया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में नरमी बनी हुई है। भारत मौसम विभाग ने 10 से 13 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उत्तर भारत में सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में 11 से 13 मई के दौरान बारिश और तेज हवाओं का नया दौर शुरू हो सकता है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में कई जगह भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में तेज तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं। दूसरी तरफ पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 9 से 13 मई के दौरान लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, यूपी में आंधी-बारिश का असर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन 8 से 12 मई के बीच दिन के समय गर्मी बढ़ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। 9 से 13 मई के बीच अधिकतम तापमान 36 से 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। हालांकि 12 मई के बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 8 से 13 मई के बीच आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी और पूर्वी यूपी में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, आगरा और बरेली में आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम बदलेगा
बिहार में 8 से 11 मई के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है। पटना समेत कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा और बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस बढ़ सकती है। कुछ इलाकों में अचानक तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है। वहीं 11 से 13 मई के बीच राज्य में फिर से बारिश का नया दौर शुरू होने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिलेगा। शिमला, मनाली, धर्मशाला, मंडी, कुल्लू और चंबा में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
राजस्थान और झारखंड में अलग-अलग असर
राजस्थान में मौसम दो तरह का बना रहेगा। पूर्वी राजस्थान में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 9 से 13 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर और अजमेर में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
झारखंड में 11 और 12 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और दुमका में मौसम बदल सकता है। 9 और 10 मई को कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।



