
तमिलनाडु में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कें जलमग्न हैं, घरों में पानी भर गया है और चक्रवात के तेज होने की आशंका से मौसम की चुनौती बढ़ गई है।
Monsoon | Heavy rain disrupts life across TN; flooding, power cuts hit several districts, India
सुर्खी…
- तमिलनाडु में भारी बारिश से सड़कें डूबीं और घरों में पानी भर गया।
- शिवगंगा में 10 घंटे से ज्यादा बिजली गुल रही।
- कोडैकनाल में झरने का बहाव बढ़ा, पहाड़ी सड़क पर मरम्मत जारी है।
- बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के और तीव्र होने की आशंका है।
तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तिरुपत्तुर जिले के वायमपट्टू में सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। शिवगंगा के शहरी इलाकों में भी तेज बारिश हुई। यहां 10 घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कोयंबटूर जिले के पुलियामारथुपलायम, सुलूर और वरपट्टी में मूसलाधार बारिश हुई। पुलियामारथुपलायम में बारिश के कारण डामर की एक सड़क क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, मयिलादुथुराई जिले के तरंगमबाडी में बारिश के बीच बच्चे स्कूल पहुंचे। कई छात्र रास्ते में पूरी तरह भीग गए।
कोडैकनाल में झरने का बहाव बढ़ा
कोडैकनाल में भारी बारिश के बाद सिल्वर कैस्केड झरने का बहाव काफी बढ़ गया। थोप्पिकनल इलाके में पानी घरों के भीतर तक पहुंच गया, जिससे लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हुए।
उधर, उदगमंडलम जाने वाली पहाड़ी सड़क के भूस्खलन प्रभावित हिस्से को साफ करने और उसकी मरम्मत का काम जारी रहा। सेना के जवान सड़क को दुरुस्त करने में जुटे रहे, ताकि इस मार्ग पर आवाजाही बहाल की जा सके।
चक्रवात के और तीव्र होने की आशंका
इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहे चक्रवात के और तीव्र होने की आशंका जताई है। बुलेटिन के मुताबिक, यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके आंध्र प्रदेश के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास टकराने की संभावना है।
तमिलनाडु में अगले दो दिनों का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से लगे जिलों और दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।
बुधवार को भी पश्चिमी घाट के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। चेन्नई में मंगलवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में शहर में बारिश का दायरा सीमित रहने की उम्मीद है।




