
कनाडा के टोरंटो में ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव के पास हुई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए।
2 people have been killed and 3 wounded in a shooting near a Toronto street festival
कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में आयोजित एक लोकप्रिय उत्सव के दौरान गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी। शनिवार को ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव के आयोजन स्थल के पास हुई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया है, लेकिन घटना को अंजाम देने वाले संदिग्ध या संदिग्धों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
उत्सव स्थल के पास चली गोलियां
टोरंटो पुलिस के अनुसार, ‘सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट’ और ‘अर्लिंगटन एवेन्यू’ के पास गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां छह लोग गोली लगने से घायल मिले। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चार घायलों का इलाज जारी है।
हमलावरों की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने लोगों से प्रभावित इलाके से दूर रहने की अपील की थी। बाद में अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। हालांकि, गोलीबारी में शामिल संदिग्ध या संदिग्धों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है और उनकी तलाश जारी है।
ओंटारियो के प्रीमियर ने जताया दुख
ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव में हुई बेवजह की हिंसा बेहद दुखद है। उन्होंने दो लोगों की मौत पर गहरा शोक जताया और घायलों, पीड़ित परिवारों तथा इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
टोरंटो को कनाडा का सबसे बड़ा शहर होने के साथ-साथ उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित बड़े शहरों में गिना जाता है। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर कई लोगों को निशाना बनाकर की गई इस गोलीबारी ने लोगों को झकझोर दिया है।




