
महाराष्ट्र में आतंकवाद निरोधक दस्ते ने एक युवक को पाकिस्तानी एजेंट से गुप्त जानकारी साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आतंकवाद निरोधक दस्ते के एक अधिकारी ने मामले में बताया कि युवक से एक एजेंट महिला बनकर फेसबुक पर दोस्ती की फिर उससे अहम जानकारी हासिल की।
Thane Ravindra verma arrested for sharing sensitive information with Pakistan
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को संवेदनशील जानकारी मुहैया कराने के आरोप में ठाणे के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो एक रक्षा प्रौद्योगिकी फर्म में जूनियर इंजीनियर के तौर पर काम करता है। जानकारी के मुताबिक, एजेंट ने उसे सोशल मीडिया पर हनीट्रैप में फंसाया था। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि 27 वर्षीय आरोपी की पहचान रवींद्र मुरलीधर वर्मा के तौर पर हुई है। वह पड़ोसी ठाणे शहर के कलवा का रहने वाला है। उन्होंने बताया, ‘रवींद्र वर्मा रक्षा प्रौद्योगिकी से जुड़ी एक फर्म में जूनियर इंजीनियर के तौर पर काम करता था। कंपनी के कर्मचारी के तौर पर उसे दक्षिण मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड में प्रवेश की अनुमति थी और वह नौसेना के जहाजों पर काम करता था।’
नवंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच भेजी गुप्त जानकारी
इस मामले के जांच के दौरान पता चला है कि यह युवक नवंबर 2024 से मार्च 2025 के बीच व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान को एक महत्वपूर्ण संस्थान से जुड़ी गुप्त जानकारियां भेजता रहा। वहीं जब आतंकवाद निरोधक दस्ते को जब इसकी खबर मिली तो ठाणे यूनिट ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया। उसके साथ दो और लोगों को भी पूछताछ के लिए लाया गया था, लेकिन जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
मामले में सभी एंगल से जांच रही एटीएस
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उसे ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 (जासूसी) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले की गहराई से जांच चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
फिलहाल एटीएस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने और क्या-क्या जानकारी लीक की, और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था। उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच की जा रही है।




