
भागलपुर के कोयली खुटहा गांव में गंगा के पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग और एक पड़ोस की बच्ची शामिल है।
Bihar | 4 of family among 5 drown in floodwaters, Bhagalpur; India
बिहार के भागलपुर में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच पानी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार लोग एक ही परिवार के हैं, जबकि एक पड़ोस की रहने वाली बच्ची थी। यह दर्दनाक हादसा गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को बाईपास थाना क्षेत्र के कोयली खुटहा गांव में हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क के दोनों तरफ पानी जमा था। इसी दौरान एक बच्चा अचानक पानी में डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में एक के बाद एक बाकी लोग भी पानी में डूब गए।
बच्चे को बचाने उतरे और खुद भी डूब गए
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मंचो देवी, उनकी बेटी सोनाक्षी कुमारी (12-13 वर्ष), बेटे अभिषेक (10 वर्ष) और अक्षय कुमार (8 वर्ष) के रूप में हुई है। पांचवीं मृतका की पहचान अंशु प्रिया के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 16-17 वर्ष बताई गई है।
पड़ोसी राजेश कुमार ने बताया कि मरने वालों में चार लोग एक ही परिवार के हैं। उनके मुताबिक, सड़क के दोनों तरफ खाई है और उसमें पानी भरा हुआ था। एक बच्चा डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए बाकी लोग भी पानी में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए। राजेश कुमार ने बताया कि यह गंगा का पानी है और पिछले छह-सात दिनों से वहां पानी जमा है।
पांच मौतों से गांव में पसरा मातम
हादसे की जानकारी मिलते ही बाईपास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष, पंचायत के मुखिया और स्थानीय लोग भी मायागंज अस्पताल पहुंचे। एक साथ पांच लोगों की मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। अस्पताल में मृतकों के परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
मौत की पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ शिवम कुमार ने कहा कि मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। बिहार में इस समय 13 से 14 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और इसी बीच पानी से जुड़ी ऐसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं।



