
इंदौर के बाणगंगा इलाके में प्लास्टिक से भरे कबाड़ गोदाम में रविवार को भीषण आग लग गई। घटना की सूचना पर दमकल की 4-5 गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन करीब 30-32 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है।
MP | Fire breaks out at scrap godown in Banganga area of Indore, India
मध्य प्रदेश: इंदौर के बाणगंगा इलाके में रविवार को एक कबाड़ गोदाम में भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गईं। इस गोदाम में प्लास्टिक से भरा कबाड़ था, जिसके कारण आग तेजी से फैली। लेकिन अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस घटना में लगभग 30-32 लाख के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि किसी जनहानि की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल हालात काबू में बताए जा रहे हैं।
गोदाम से गैस सिलेंडर सुरक्षित हटाए गए
फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर शिव नारायण शर्मा ने बताया कि कबाड़ के गोदाम में बहुत भीषण आग लगी थी। जिस कारण स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां बुलाई गईं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। गोदाम के करीब मौजूद स्टाफ क्वार्टर को भी खाली करा लिया गया। साथ ही वहां रखे गैस सिलेंडर भी सुरक्षित हटा दिए गए। उन्होंने बताया कि मौके पर दमकल की 4-5 गाड़ियां मौजूद हैं। गोदाम के अंदर की स्थिति का जायजा लेने के लिए जेसीबी मशीन भी मंगाई गई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
यह कबाड़ गोदाम असलम गौरी नाम के शख्स का हैं। उन्होंने बताया कि आग अचानक लगी और अभी इसके कारणों की जानकारी नहीं है। उन्होंने अनुमान लगाया कि आग के कारण लगभग करीब 30 से 32 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि गनीमत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।




