
खबरों की मानें तो बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने में जुटी हुई हैं
Uttarakhand | A bus carrying passengers falls into a gorge in the Kalsi area of Dehradun district
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मालसी इलाके में हिमाचल प्रदेश रोडवेज की एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि HP रोडवेज की यह बस हिमाचल के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही थी।
हिमाचल प्रदेश रोडवेज की बस पांवटा साहिब जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ है। मामले में जानकारी सामने आई है कि एचआरटीसी की बस विकासनगर में क्वानू के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची है। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है।
सुबह 10 बजे की घटना
एचआरटीसी की बस सुबह करीब 6:30 बजे चौपाल डिपो से निकली थी। यह बस पहले नेहवा पहुंची। इसके बाद मीनस-क्वानू-हरिपुर रूट से पांवटा जा रही थी। इस बस में तीस से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात सामने आई है। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। बस अचानक लहराते हुए खाई में जा गिरी। हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष के होने की बात सामने आई है।
हादसे का क्या है कारण
मिली जानकारी के मुताबिक, मीनस-क्वानू-हरिपुर रोड पर सुदोई खड्ड के पास ट्रक को साइड देने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। बस के सड़क के किनारे की तरफ जाने से यह डिसबैलेंस हो गई। दरअसल, बस के कारण सड़क का पुश्ता धंस गया। इस कारण सवारियों से भरी एचआरटीसी की यह बस खाई में गिर गई। कई पलटे खाने के बाद सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
लोगों की जुटी भीड़
बस के खाई में पलटने की घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों का जुटान शुरू हो गया। कई लोगों ने खाई में उतर कर लोगों को बचाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची है। वहां राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की गई है। स्थानीय लोगों ने पहले से ही राहत कार्य शुरू कर दिया था।




