रोड शो के दौरान प्रियंका एवं अन्य नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे।
Priyanka Gandhi holds her first roadshow in Alwar in support of Cong’s Lalit Yadav
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सोमवार को अलवर शहर में रोड शो किया।
रोड शो में प्रियंका गांधी एक खुली छत वाले वाहन में सवार थीं। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव भी रहे।
रोड शो के दौरान प्रियंका एवं अन्य नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया। बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर खड़े थे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। अनेक जगह लोगों की ओर से मालाएं भेजी गईं। वहीं कई लोगों ने कागज पर लिख कर अपनी बातें कांग्रेस नेताओं तक पहुंचाईं।
लगभग एक घंटे के रोड शो में अलवर से कांग्रेस के पूर्व विधायकों ने भी वाहन में सवार होकर प्रियंका से मुलाकात की और लोगों का अभिवादन किया। रोड शो शहीद स्मारक से शुरू हुआ और चर्च रोड, होप सर्कस, कलाकंद मार्केट से गुजरा।
रोड शो के बाद प्रियंका ने इसके फोटो शेयर करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज राजस्थान के अलवर की जनता जिस तरह से सैलाब बनकर सड़क पर उमड़ी, वह आने वाले परिवर्तन का संकेत है। राजस्थान ने कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताकर ‘इंडिया’ की सरकार बनाने का फैसला कर लिया है।’’
उन्होंने लिखा ,‘‘इस बार युवाओं, महिलाओं, किसानों, दलितों, आदिवासियों की सरकार बनेगी। इस बार जनता की सरकार बनेगी।’’
कांग्रेस ने इस सीट से ललित यादव को उम्मीदवार बनाया है जो मौजूदा विधायक भी हैं। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव इस सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं। प्रियंका गांधी ने बाद में बांदीकुई दौसा में चुनावी सभा को संबोधित किया।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट- गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। दूसरे चरण में 13 सीट -टोंक, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़ में 26 अप्रैल को मतदान होगा।




