मनोहर जोशी का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल होने से शुरू हुआ और बाद में वह शिव सेना के सदस्य बने।
Former Chief Minister of Maharashtra, Manohar Joshi, dies at 86
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ शिवसेना नेता मनोहर जोशी का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने रात 3 बजे हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह 86 वर्ष के थे। बीते दो दिनों से वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे, जिसके बाद उन्हें हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों का कहना है कि मनोहर जोशी को दिल का दौरा पड़ा और आईसीयू में उनका इलाज चल रहा था।
2 दिसंबर 1937 को महाराष्ट्र के महाड में जन्मे जोशी ने मुंबई के प्रतिष्ठित वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (वीजेटीआई) से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया है। जोशी का राजनीतिक सफर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में शामिल होने से शुरू हुआ और बाद में वह शिव सेना के सदस्य बने।
मनोहर जोशी शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक थे। वह बालासाहेब के बेहद भरोसेमंद और करीबी सहयोगी माने जाते थे। मनोहर जोशी वर्ष 1995 से 1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे और वह अविभाजित शिवसेना की ओर से राज्य के मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता थे। वह सांसद भी रह चुके हैं और 2002 से 2004 तक केंद्र की वाजपेयी सरकार में लोकसभा अध्यक्ष के पद पर रहे थे।