पंकज त्रिपाठी की टीम ने एक बयान में कहा कि पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी का अंतिम संस्कार आज उनके करीबी परिवार के बीच किया जाएगा। पंकज त्रिपाठी फिलहाल गोपालगंज अपने गांव जा रहे हैं।
Actor Pankaj Tripathi’s father Pandit Banaras Tiwari has passed away at the age of 99 at his residence in Bihar
बॉलीवुड के चर्चित और लोकप्रिय अभिनेता पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी का निधन हो गया है। उन्होंने बिहार के गोपालगंज के अपने गांव में 99 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। खबरों के मुताबिक, पंकज उत्तराखंड में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे, जहां पिता के निधन की खबर मिलते ही वह बिहार के गोपालगंज स्थित अपने गांव के लिए रवाना हो गए हैं।
पंकज त्रिपाठी की टीम की ओर आधिकारिक बयान में कहा गया, ”भारी मन के साथ यह कहना पड़ रहा है कि पंकज त्रिपाठी के पिता पंडित बनारस तिवारी अब दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने 99 साल का स्वस्थ जीवन जीया। उनका अंतिम संस्कार आज उनके करीबी परिवार के बीच किया जाएगा। पंकज त्रिपाठी फिलहाल गोपालगंज अपने गांव जा रहे हैं।”
पंकज त्रिपाठी की हाल ही में रिलीज फिल्म ‘ओएमजी 2’ बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अपने दसवें दिन बॉक्स ऑफिस पर 113.67 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन किया है और चर्चा में बनी हुई है। इस फिल्म में अक्षय कुमार और यामी गौतम भी लीड रोल में हैं।