
हादसे की सूचना मिलते ही पडुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के अंदर फंसे पांच शव बरामद किए गए।
UP | 5 died, 1 injured in Lakhimpur Kheri after their car fell into a canal at Dhakherwa Girijapuri highway, India
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मंगलवार देर रात ढखेरवा-गिरजापुरी हाईवे पर तेज रफ्तार अल्टो कार बेकाबू होकर शारदा नहर में जा गिरी। हादसे में कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बताया कि सभी मृतक और घायल व्यक्ति एक ही गांव के रहने वाले थे और किसी शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसा देर रात हुआ। अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे नहर में समा गई। नहर में पानी का स्तर काफी अधिक होने से कार पूरी तरह डूब गई।
सूचना मिलते ही पडुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के अंदर फंसे पांच शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान अभी पूरी तरह नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी युवा थे और शादी में डीजे पार्टी करने गए थे।
घायल चालक को तुरंत निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रमिया बेहड़ में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही गांव के पांच लोगों की एक साथ मौत से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है। स्थानीय लोग हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम सख्त करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।




