
पिकअप वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 131.5 के पास पहुंचा, वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया।
Three burnt alive in two-vehicle collision on Delhi-Mumbai Expressway
दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के अलवर के रैणी थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन ट्रक से टकरा गया, जिसके बाद पिकअप में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 131.5 के पास पहुंचा, वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद पिकअप से चिंगारी उठी और देखते ही देखते वाहन आग का गोला बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पिकअप में कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
सभी को रैणी के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी मोहित, मध्य प्रदेश के सागर निवासी दीपेंद्र और पदम के रूप में हुई है। वहीं, घायल चालक की पहचान हरियाणा के झज्जर निवासी हन्नी के रूप में हुई है। तीनों मृतकों के शव रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।




