
बिहार के कटिहार बस, ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण है कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया
India | 10 Killed, 30 Injured In Multi-Vehicle Collision In Bihar’s Katihar, Bihar
बिहार के कटिहार जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. यहां बस, ट्रक और पिकअप वैन की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण है कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के बाद सड़क पर लोगों के शव बिखड़े पड़े थे. शुरुआत में इस हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, लेकिन कुछ ही देर बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई. स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. इसमें कुछ की स्थिति गंभीर है. ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.
कटिहार के कोढ़ा में एनएच 31 पर हुआ हादसा
यह हादसा कटिहार के कोढ़ा प्रखंड में एनएच 31 पर स्थित बनगढ़ा चौक पर हुई है. इस हादसे के बारे में अभी आधिकारिक तौर पर बहुत अधिक जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और कटिहार के बड़े नेता तारकिशोर प्रसाद ने एक एक्स पोस्ट में इस हादसे की जानकारी देते हुए दुख जताया है.
पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर ने जताया शोक
तारकिशोर प्रसाद ने एक्स पर लिखा- कटिहार के कोढा प्रखंड स्थित बसगढा चौक स्थित एनएच 31 पर सड़क दुर्घटना में कई लोगों के मृत्यु होने की खबर मिल रही है. पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं अर्पित करता हूं. स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं. सभी से आग्रह है कि ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें, व्यर्थ की जल्दबाजी नुकसानदेह हो सकती है.
घायलों को नजदीकी अस्पताल में किया गया भर्ती
हादसे की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम कटिहार में एक बस, एक ट्रक और एक पिकअप वैन की टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए. कटिहार SP शिखर चौधरी ने पत्रकारों को बताया कि यह दुर्घटना कटिहार के कोढ़ा ब्लॉक में NH-31 पर हुई. घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है. SP ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.




