इनेलो के अध्यक्ष अभय चौटाला ने खट्टर सरकार पर नफे सिंह राठी की जान को खतरा होने के बावजूद उन्हें सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रहने का आरोप लगाया और राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
Haryana INLD President Nafe Singh Rathee killed after bullets fired at his SUV
हरियाणा के झज्जर जिले में रविवार को सरेशान इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की कार पर गोलियों की बौछार कर अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। इस हमले में नफे सिंह के साथ एक अन्य कार्यकर्ता की मौत हो गई है। जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। यह जानकारी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने दी। पूर्व विधायक राठी एक एसयूवी में जा रहे थे, इसी दौरान झज्जर के बहादुरगढ़ शहर में कार सवार हमलावरों ने उन पर हमला किया।
झज्जर के ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल के डॉक्टर मनीष शर्मा ने बताया कि शाम को जिन चार लोगों को गोली लगी थी, उन्हें ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल लाया गया। उनमें से दो को भारी रक्तस्राव हुआ था और उन्हें मृत लाया गया था, फिर भी, हमने सीपीआर की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दो अन्य को कंधे, जांघ और सीने के बायीं ओर गोली लगने के घाव के कारण आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पूर्व विधायक नफे सिंह और एक अन्य व्यक्ति जयकिशन को मृत लाया गया। उन्हें गर्दन, पीठ और कंधे में गोली मारी गई। कई घावों से पता चलता है कि कई राउंड गोलीबारी हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार से आए हमलावरों ने नफे सिंह की कार पर गोलियों की बौछार कर दी थी। हमले के दौरान अपराधियों ने 50 से 60 राउंंड से ज्यादा गोलीबारी की। वहीं घटना के बारे में झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा कि सीआईए और एसटीएफ की टीमें काम कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर एक कार में थे। अधिकारी ने बताया कि अपराध का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
वहीं इनेलो के अध्यक्ष अभय चौटाला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राठी की झज्जर जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने सरकार पर राठी की जान को खतरा होने के बावजूद सुरक्षा मुहैया कराने में विफल रहने का आरोप लगाया और राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। इनेलो प्रवक्ता राकेश सिहाग ने कहा कि पूर्व विधायक राठी एसयूवी में बैठकर कहीं जा रहे थे। जिले के बहादुरगढ़ कस्बे में अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
आप के हरियाणा अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष की हत्या पर खट्टर सरकार को घेरते हुए कहा कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था खत्म हो गई है। हमें झज्जर की घटना की सूचना मिली है। हरियाणा इनेलो अध्यक्ष नफे सिंह और उनके साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है। गोली मार दी जाती है और फिर उगाही की जाती है, राजनेताओं को सड़कों पर गोली मार दी जाती है। क्या राज्य कानून का शासन कायम रखेगा, या मुख्यमंत्री चुनावी रैलियों में व्यस्त रहेंगे?