प्रदर्शनकारियों ने रोड पर टायर जलाए और पुलिस को कार्रवाई करने से रोक दिया। सूचना मिलते ही मणिपुर की सशस्त्र पुलिस, सेना और त्वरित कार्य बल के जवान मौके पर पहुंचे।
Fresh violence in Imphal as women block roads, burn tyres; tear gas shells fired
मणिपुर की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर राज्य में हिंसा की खबर सामने आई है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी इंफाल के गढ़ी इलाके में महिला प्रदर्शनकारियों ने मेन रोड को दोनों तरफ से ब्लॉक कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने रोड पर टायर जलाए और पुलिस को कार्रवाई करने से रोक दिया। सूचना मिलते ही मणिपुर की सशस्त्र पुलिस, सेना और त्वरित कार्य बल के जवान मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा बलों ने तुरंत एक्शन लेते हुए स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस और सुरक्षाबलों ने विभिन्न इलाकों में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया है। गौरतलब है कि मणिपुर में 3 मई को एक रैली के बाद इंफाल घाटी के मैतेई और पहाड़ी क्षेत्र में रहने वाले कुकी समुदाय के बीच हिंसा भड़क उठी थी। अब तक हिंसा के चलते 160 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वही, 50 हजार से ज्यादा लोग अपने घरों से भागकर शरणार्थी शिविरों में रहने के लिए मजबूर हैं।
वहीं बीते 19 जुलाई को मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बर्बरता का एक वीडियो वायरल हुआ तो देश में सनसनी फैल गई। वीडियो में पुरुषों की भीड़ दो महिलाओं को बिना कपड़ों के घुमाती नजर आई थी। वीडियो 4 मई का था, लेकिन दो महीने के बाद भी आरोपियों को पकड़ा नहीं गया था। वायरल होने के बाद पुलिस ने 20 जुलाई को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं आज एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया, अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।




