
लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास भारी बारिश के बाद सड़क धंसने से 10-12 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इसमें युवक गिर गया और मोटरसाइकिल भी समा गई।
12-foot-deep crater on busy Lucknow road amid rain; biker falls in, injured, India
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारी बारिश के बाद सड़क धंसने से करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास बनी इस सड़क पर अचानक बने गड्ढे में एक युवक जा गिरा, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। इसी गड्ढे में एक मोटरसाइकिल भी समा गई, जिसे बाद में क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। घटना ने राजधानी में सड़कों के रखरखाव और सरकारी तंत्र की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बारिश के बाद धंसी सड़क, गड्ढे में गिरा युवक
यह घटना लखनऊ यूनिवर्सिटी के पास की सड़क की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लखनऊ में हुई भारी बारिश के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। इसके बाद सड़क पर करीब 10 से 12 फीट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। इसी दौरान एक युवक उसमें जा गिरा। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।
गड्ढे में एक मोटरसाइकिल भी मिली। हालांकि, मोटरसाइकिल किस तरह और किस स्थिति में गड्ढे में गिरी, इसकी सही जानकारी नहीं है, क्योंकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। सड़क पर बारिश का पानी भी जमा था, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।
क्रेन से बाहर निकाली गई मोटरसाइकिल
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर निगम की गाड़ी भी घटनास्थल पर खड़ी दिखाई दी। अधिकारी और कर्मचारी गड्ढे से मोटरसाइकिल निकालने में जुटे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बाइक को बाहर निकाला जा सका।
करीब 10 से 12 फीट गहरा यह गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन गया था। इसकी वजह से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। फिलहाल नगर निगम और पुलिस की टीमें गड्ढे को भरने के काम में जुटी हैं।
राजधानी की सड़कों पर उठे सवाल
लखनऊ में हुई इस घटना ने राजधानी की सड़कों की स्थिति और उनके रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस शहर की सड़कों को बेहतर होने का दावा किया जाता है, वहां भारी बारिश के बाद सड़क का इस तरह धंस जाना चिंता की बात है। सवाल यह भी है कि इतना बड़ा और खतरनाक गड्ढा बनने तक प्रशासन की नजर इस पर क्यों नहीं गई?




