
दिल्ली में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ और 11 साल का रिकॉर्ड टूट गया, जहां बारिश, तेज हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
Delhi records coldest April day in 11 years, temperatures likely to rise from today
देश की राजधानी दिल्ली में अप्रैल के महीने में मौसम के बदले मिजाज ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार को राजधानी ने 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इस महीने का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया। सफ़दरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.9 डिग्री कम है। इससे पहले अप्रैल में सबसे कम अधिकतम तापमान 23 अप्रैल 2016 को 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
बादल, बारिश और हवाओं से बदला मौसम
दिनभर छाए बादल, तेज हवाएं और हल्की-फुल्की बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। अप्रैल की सामान्य गर्मी की जगह लोगों ने हल्की ठंड महसूस की। इस बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी दिखा और कई दिनों बाद AQI ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटे में सफदरजंग में 6.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो 4 अप्रैल 2023 के बाद सबसे ज्यादा है। वहीं, पालम में 0.6 मिमी, लोधी रोड में नाममात्र बारिश हुई, जबकि रिज और आयानगर में बारिश नहीं दर्ज की गई।
अलग-अलग इलाकों में तापमान का हाल
राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम रहा-
पालम में 27.2 डिग्री (8.3 डिग्री कम), लोधी रोड में 28.0 डिग्री (6.0 कम), रिज में 28.8 डिग्री (6.3 कम) और आयानगर में 28.0 डिग्री (6.9 कम) दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहा। सफदरजंग में 16.8 डिग्री (3.2 कम), पालम में 15.5 डिग्री (4.5 कम), लोधी रोड में 16.2 डिग्री (2.8 कम), रिज में 15.3 डिग्री (4.8 कम) और आयानगर में 16.4 डिग्री (2.5 कम) रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, अब बढ़ेगी गर्मी
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को इस ठंड की मुख्य वजह माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अखिल श्रीवास्तव के अनुसार, यह सिस्टम फिलहाल उत्तरी पंजाब और जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में गरज और बारिश हो रही है।
हालांकि, बुधवार के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 6-8 डिग्री और पश्चिमी हिमालय में 8-10 डिग्री तक बढ़ सकता है। 9 अप्रैल को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 31 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
हवा भी हुई साफ
मौसम के अनुकूल बदलाव का असर प्रदूषण स्तर पर भी पड़ा। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 0-50 ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी मानी जाती है।




