
कुल्लू के उपायुक्त तोरल एस. रविश ने जानकारी दी कि अब तक तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।
One dead, 6 trapped as landslides triggered by heavy rains wreak havoc in Himachal
हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा की मार जारी है। कुल्लू जिले के अखाड़ा बाजार क्षेत्र में हुए भूस्खलन से तबाही मची है। मलबा सीधे मकानों पर गिरा, जिससे दो मकान पूरी तरह ढह गए। इस हादसे में कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
राहत-बचाव अभियान जारी
मौके पर प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। कुल्लू के उपायुक्त तोरल एस. रविश ने जानकारी दी कि अब तक तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अब भी मलबे के नीचे फंसे हुए हैं।
अखाड़ा बाजार जैसे घनी आबादी वाले इलाके में हादसा होने की वजह से बचाव कार्य में परेशानी हो रही है। लगातार बारिश से जमीन की नमी बढ़ने के कारण और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश
मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। स्थानीय लोग भी प्रशासन की मदद कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने बताया कि फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। प्राथमिकता मलबे में दबे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की है।
राज्य में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने पहाड़ी जिलों में भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की थी कि कुल्लू, मंडी, चंबा और किन्नौर जिले संवेदनशील हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और ढलानों के पास जाने से बचें।




