राजस्थान: माउंट आबू में तापमान में गिरावट के बाद वाहनों और खेतों पर बर्फ की परत जमी
Rajasthan | A layer of ice forms on vehicles and fields in Mount Abu, as temperatures drop here with the onset of winter. People also light bonfires to keep themselves warm.
राजस्थान में इस सीजन नवंबर में भले ही सुबह-शाम सर्दी का असर कम दिखने को मिला हो, लेकिन पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों में ठंड ने रिकॉर्ड बनाया है। माउंट आबू में 11 साल बाद नवंबर महीने में बर्फ जमी। वहीं, चूरू ऐसा शहर रहा जहां नवंबर के 14 दिन तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इस कारण चूरू पूरे मध्य भारत के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा इलाका रहा।

इधर, दिसंबर में सर्दी की बात की जाए तो राजस्थान में 14 दिसंबर के बाद शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के मौसम में बड़ा उलटफेर दिखने को मिलेगा।
कोटा में 11 साल का रिकॉर्ड टूटा
नवंबर में इस बार कोटा में सर्दी का नया रिकॉर्ड बना है। यहां 25 नवंबर की रात न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कोटा में पिछले 11 साल में नवंबर की सबसे सर्द रात रही। इससे पहले कोटा में साल 2020 में तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, लेकिन ये रिकॉर्ड भी इस साल टूट गया। कोटा में 2012 से अब तक नवंबर में केवल 1 बार ही तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है।
आबू में समय से पहले जमी बर्फ
माउंट में भी इस बार सर्दी का जबरदस्त असर देखने को मिला। यहां इस बार समय से पहले मैदानों में बर्फ जम गई। सामान्यत: यहां दिसंबर के दूसरे सप्ताह से बर्फ जमने लगती है, लेकिन इस बार नवंबर के आखिरी सप्ताह में ही बर्फ जम गई। 11 साल बाद ये दूसरा मौका है जब आबू में नवंबर में बर्फ जमी हो।
इस सीजन 25 नवंबर को माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री पर आया था, तब यहां मैदानों और गाड़ियों की छतों पर हल्की बर्फ की परत जम गई थी। इस दिन के बाद से लगातार आबू में तापमान 2 डिग्री या उससे नीचे बना हुआ है।
मौसम केन्द्र नई दिल्ली ने नवंबर इस बार राजस्थान में सामान्य से ज्यादा बारिश और दिन का तापमान होने का पूर्वानुमान जारी किया था। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन, मौसम विभाग की इस भविष्यवाणी के विपरीत इस बार बारिश भी कम हुई और दिन का तापमान भी अधिकांश समय सामान्य से ऊपर रहा।
इसके पीछे कारण वेस्टर्न डिर्स्टबेंस की फ्रीक्वेंसी कम होना है। राजस्थान में इस सीजन नवंबर में शुरूआती दो सप्ताह में केवल 3 ही वेस्टर्न डिस्टरबेंस आए, जिसमें दो ज्यादा एक्टिव रहे। 15 नवंबर के बाद से लगातार मौसम शुष्क रहा और आसमान साफ रहने से दिन-रात के तापमान में गैप बढ़ा।
मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा चूरू
इस नवंबर में चूरू में भी अच्छी ठंड रही। यहां 17 नवंबर से तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मैदानी इलाकों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश राज्य के तमाम शहरों में सबसे ज्यादा और लम्बे समय तक ठंडा रहने वाला इलाका रहा।
चूरू में नवंबर में इस बार न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले साल 2014 और 2017 में ही ऐसा रहा जब चूरू का न्यूनतम तापमान नवंबर के महीने में 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा हो।